अमृत योजना का काम बना मुसीबत: सड़क बंद, तीन महीने से लोग परेशान
नर्मदा जल पहुंचाने के लिए पाइपलाइन बिछाने का काम जारी, रेलवे ने जताई आपत्ति

जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में अमृत योजना 2.0 के तहत हर घर नर्मदा जल पहुंचाने के लिए पाइपलाइन बिछाने का काम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। रेलवे पुल नंबर-1 से कांचघर रोड तक पिछले तीन महीनों से सड़क पूरी तरह बंद पड़ी है, जिससे हजारों लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बजरंग कॉलोनी से कोचिंग डिपो तक काम पहुंचने के बाद अब रेलवे प्रशासन ने भी आपत्ति जताई है। अधिकारियों का कहना है कि मार्ग बंद होने से कर्मचारियों के ड्यूटी पर आने-जाने में दिक्कत हो रही है। वहीं, मौके पर पहुंचे रेल सुरक्षा बल ने काम रोकने के निर्देश दिए, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इसे मानने से इनकार कर दिया।
सड़क खोदने के बाद अब तक मरम्मत नहीं कराई गई है, जिससे धूल और अव्यवस्था से लोग जूझ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, गौरीघाट के ललपुर से रांझी तक करीब 20 किमी लंबी पाइपलाइन बिछाई जा रही है, जिसका उद्देश्य एक लाख से अधिक घरों तक नर्मदा जल पहुंचाना है।
हालांकि योजना का उद्देश्य जनहित में है, लेकिन कार्य की धीमी गति और अव्यवस्था ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।













