परसौना बाजार की बोली में बड़ा खेल! सरपंच ने सचिव पर लगाए गंभीर आरोप
नियमों को ताक पर रखकर कराई गई बोली, पारदर्शिता पर सवाल; निष्पक्ष जांच की उठी मांग

सिंगरौली।जनपद पंचायत बैढ़न अंतर्गत ग्राम पंचायत देवरी में “परसौना बाजार” की बोली को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। यह मामला अब महज प्रशासनिक प्रक्रिया न रहकर पूरी व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल खड़ा कर रहा है। खास बात यह है कि इन गंभीर आरोपों को खुद पंचायत की सरपंच ने उजागर किया है।
सरपंच द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी को भेजे गए पत्र में आरोप लगाया गया है कि पंचायत सचिव ने नियमों को दरकिनार करते हुए मनमाने तरीके से बोली प्रक्रिया पूरी कराई। बताया गया कि 24 मार्च 2026 को इश्तेहार जारी हुआ, लेकिन 30 मार्च को केवल तीन चुनिंदा लोगों से अमानत राशि जमा कराकर जल्दबाजी में बोली कर दी गई, जबकि अन्य इच्छुक लोगों को समय समाप्त होने का हवाला देकर बाहर कर दिया गया।
सबसे गंभीर आरोप यह है कि इस पूरी प्रक्रिया में सरपंच से हस्ताक्षर तक नहीं कराए गए और उन्हें जानकारी से दूर रखा गया। साथ ही यह भी आरोप है कि पिछले कई वर्षों से एक ही व्यक्ति को लगातार बाजार का ठेका दिया जा रहा है, जिससे प्रतिस्पर्धा खत्म हो गई और पंचायत को संभावित राजस्व का नुकसान हुआ।
मामले को और संवेदनशील बनाता है यह तथ्य कि परसौना बाजार मुख्य सड़क पर लगता है, जहां दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया।
अब इस पूरे प्रकरण में निष्पक्ष जांच, संदिग्ध बोली को निरस्त करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। जनता जवाबदेही चाहती है और प्रशासन की भूमिका पर निगाहें टिकी हैं।













