हनुमान मंदिर में चोरी की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
ठकुराईन दाई परिसर में रात के समय घुसा संदिग्ध, सतर्क ग्रामीणों की सजगता से टली वारदात

सिंगरौली।गन्नई क्षेत्र के ठकुराईन दाई परिसर स्थित हनुमान मंदिर में बीती रात चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। एक अज्ञात युवक मंदिर परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में घुस गया, जिसे ग्रामीणों की सतर्कता के चलते मौके पर ही पकड़ लिया गया।
जानकारी के अनुसार, देर रात मंदिर परिसर में हलचल देख आसपास के लोगों को संदेह हुआ। जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो एक युवक मंदिर के अंदर मौजूद मिला, जो कथित रूप से चोरी की नीयत से घुसा था। ग्रामीणों ने बिना देर किए उसे पकड़ लिया और भागने का मौका नहीं दिया।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी को बरका पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
ग्रामीणों की सजगता से एक बड़ी चोरी की वारदात टल गई। इलाके के लोगों ने एकजुटता दिखाते हुए यह साबित कर दिया कि सतर्कता ही सुरक्षा की सबसे बड़ी कुंजी है।













