मध्य प्रदेशसिंगरौली

शासकीय हाई स्कूल शाहपुर में ‘भविष्य से भेंट’ कार्यक्रम, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ भव्य स्वागत

पूर्व विधायक राम लल्लू बैस रहे मुख्य अतिथि, गिनीज रिकॉर्ड धारक छात्रा आस्था पांडे ने साझा किए अनुभव

सिंगरौली।शासकीय हाई स्कूल शाहपुर में ‘स्कूल चले हम’ अभियान के अंतर्गत ‘भविष्य से भेंट’ कार्यक्रम समारोहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक राम लल्लू बैस मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने वाली कक्षा 6वीं की छात्रा कुमारी आस्था पांडे एवं वरिष्ठ समाजसेवी व अधिवक्ता अवनीश दुबे शामिल हुए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती जितेंद्र कौर थापर ने की। संचालन वरिष्ठ शिक्षिका अर्चना मिश्रा एवं शिक्षक शरद कुमार पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर म्यूजिक डायरेक्टर सौरव ने अपनी कला का प्रदर्शन कर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।

प्रवेश उत्सव के प्रथम दिवस नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक एवं आरती कर स्वागत किया गया तथा उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। द्वितीय दिवस में पार्षद श्यामला वर्मा द्वारा भी विद्यार्थियों का स्वागत कर पुस्तकें वितरित की गईं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राम लल्लू बैस ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने और लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी। वहीं, छात्रा आस्था पांडे ने अपने स्केटिंग विश्व रिकॉर्ड के अनुभव साझा कर बच्चों को प्रोत्साहित किया।

इस दौरान वरिष्ठ समाजसेवी जगत नारायण वर्मा ने विद्यालय की गतिविधियों की सराहना की, जबकि अवनीश दुबे ने विद्यालय में कमरों की कमी की ओर ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों के लिए विभिन्न खेल एवं प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।

Author

Related Articles

Back to top button