हाईकोर्ट के स्टे के बाद फिर बदली तस्वीर: कपूर त्रिपाठी ने संभाली मोरवा थाने की कमान
डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह को 9 दिन में ही जियावन लौटना पड़ा, 8 अप्रैल को होगी अगली सुनवाई

सिंगरौली।मोरवा थाना प्रभारी के स्थानांतरण को लेकर चल रहे विवाद में नया मोड़ आ गया है। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट से स्टे मिलने के बाद निरीक्षक कपूर त्रिपाठी ने शनिवार रात करीब 9 बजे एक बार फिर मोरवा थाने की कमान संभाल ली। हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासनिक स्तर पर तत्काल प्रभाव से बदलाव लागू किया गया।
दरअसल, न्यायालय ने अपने आदेश में स्पष्ट किया था कि कपूर त्रिपाठी को उसी स्थान पर कार्य करने दिया जाए, जहां वे आदेश जारी होने के समय पदस्थ थे। इसी आधार पर उन्होंने पुनः थाना प्रभारी का पदभार ग्रहण किया।
इस बीच मोरवा थाने की जिम्मेदारी संभाल रहे डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह को महज 9 दिनों के भीतर ही वापस जियावन भेज दिया गया। इस अचानक बदलाव से पुलिस महकमे में हलचल मच गई है और पूरे मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
बताया जा रहा है कि 2 अप्रैल को न्यायाधीश मनिंदर एस. भाटी की एकल पीठ ने इस मामले में सुनवाई करते हुए कपूर त्रिपाठी के स्थानांतरण आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी थी। साथ ही राज्य शासन से पूरी ट्रांसफर फाइल और पुलिस स्थापना बोर्ड की अनुशंसा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
अब इस मामले की अगली सुनवाई 8 अप्रैल को प्रस्तावित है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं। फिलहाल हाईकोर्ट के आदेश के बाद मोरवा थाने में एक बार फिर नेतृत्व परिवर्तन हो गया है, जिससे प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।













