प्रधानमंत्री आवास निर्माण का निरीक्षण, गुणवत्ता पर दिए सख्त निर्देश
अध्यक्षा प्रमिला देवी ने वार्ड-05 में किया दौरा, ग्रामीणों से संवाद कर सुनी समस्याएं

सिंगरौली। बरगवां नगर परिषद की अध्यक्षा प्रमिला देवी ने वार्ड क्रमांक 05 में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्षा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य तय मानकों के अनुसार और समयसीमा में पूरे किए जाएं, ताकि पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभ मिल सके। उन्होंने गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत भी दी।
इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय ग्रामवासियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। ग्रामीणों ने आवास निर्माण से जुड़ी विभिन्न बातों को रखा, जिस पर अध्यक्षा ने त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया।
अध्यक्षा प्रमिला देवी ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में सभी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाना प्राथमिकता है और इसके लिए नियमित निरीक्षण जारी रहेगा।













