बरगवां नगर परिषद का 64.47 करोड़ का बजट पास, बुनियादी सुविधाओं पर रहेगा फोकस
सड़क, नाली, पेयजल और स्वच्छता कार्यों को प्राथमिकता; सभी वार्डों में संतुलित विकास का लक्ष्य

सिंगरौली। बरगवां नगर परिषद के वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 64 करोड़ 47 लाख 48 हजार 151 रुपये का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। परिषद की बैठक में नगर के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।बैठक की अध्यक्षता परिषद अध्यक्षा प्रमिला देवी ने की, जबकि राजेंद्र मेश्राम मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बजट में वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक संतुलित विकास सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान
बजट में पीसीसी सड़कों और आरसीसी नालियों के निर्माण, सब्जी मंडी क्षेत्र में पानी की टंकी, गर्मी को देखते हुए प्याऊ व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट सुदृढ़ीकरण जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। इसके अलावा स्वच्छता के तहत स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां संचालित होंगी।
सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार
नगर में सामुदायिक भवन, टिन शेड, सार्वजनिक शौचालय और मंडी क्षेत्र के विकास जैसे कार्य भी बजट में शामिल किए गए हैं। साथ ही केंद्र व राज्य सरकार से मिलने वाले अनुदानों के प्रभावी उपयोग की रणनीति भी बनाई गई है।
विधायक राजेंद्र मेश्राम ने जनहित कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, वहीं अध्यक्षा प्रमिला देवी ने सभी कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने का भरोसा दिलाया। बैठक में सीएमओ अमित सिंह सहित पार्षद और अधिकारी मौजूद रहे।













