उचित मूल्य दुकान बनौली में खाद्यान्न गबन एवं अनियमितता पर प्रकरण दर्ज

सिंगरौली -कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशानुसार शासकीय उचित मूल्य दुकान बनौली (दुकान कोड 5008148) में खाद्यान्न वितरण में अनियमितताओं के संबंध में सख्त कार्रवाई की गई है।
कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी वैढन श्री सम्मी कुमार पटले द्वारा दिनांक 13.02.2026 को दोपहर 02:30 बजे सेवा सहकारी समिति खुटार द्वारा संचालित उक्त दुकान का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सरपंच, समिति प्रबंधक, सहायक विक्रेता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
जांच में पाया गया कि पूर्व विक्रेता श्री कृष्णमुरारी पाण्डेय द्वारा माह नवम्बर एवं दिसम्बर 2025 में हितग्राहियों से पीओएस मशीन में अंगूठा लगवाने के बावजूद खाद्यान्न का वितरण नहीं किया गया। साथ ही दुकान संचालन में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।
दिनांक 31.12.2025 को समिति प्रबंधक द्वारा सरपंच एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में दुकान का ताला खोलकर स्टॉक का सत्यापन किया गया, जिसमें भौतिक एवं पीओएस स्टॉक में भारी अंतर पाया गया। सत्यापन के दौरान चावल 35.05 क्विंटल एवं गेहूं 16.58 क्विंटल की कमी पाई गई।
उक्त अनियमितताओं के आधार पर संबंधित विक्रेता को वितरण कार्य से पृथक किया गया है। साथ ही मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना वैढन में आरोपी श्री कृष्णमुरारी पाण्डेय के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2), 316(5) एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है।













