बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

“नशामुक्ति केंद्र से 8 बच्चे फरार: जाली काटकर भागे, प्रबंधन की चुप्पी पर उठे सवाल”

जबलपुर:शहर के दीनदयाल चौक बस स्टैंड के पास संचालित परमार्थ नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र से 8 बच्चों के रहस्यमयी तरीके से गायब होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद संचार नगर कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, बच्चों ने भागने के लिए सुनियोजित योजना बनाई थी। देर रात उन्होंने खिड़की और दीवार पर लगी लोहे की जाली को काटकर रास्ता तैयार किया और उसी के जरिए केंद्र से फरार हो गए। यह घटना उस समय हुई जब केंद्र का अधिकांश स्टाफ सो रहा था, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी घटना बिना अंदरूनी लापरवाही के संभव नहीं है। वहीं सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि केंद्र प्रबंधन ने अब तक पुलिस को कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी है। परिजनों का आरोप है कि मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है और कई अभिभावकों को समय पर जानकारी तक नहीं दी गई।

माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेंद्र पवार के अनुसार, पुलिस को अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर ही वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इधर परिजन और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से बच्चों की शीघ्र तलाश और केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Author

Related Articles

Back to top button