जग्गी हत्याकांड में बड़ा फैसला: अमित जोगी को उम्रकैद

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित राम अवतार जग्गी हत्याकांड में छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए अमित जोगी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। 4 अप्रैल को हुई सुनवाई में कोर्ट ने उन्हें हत्या की साजिश रचने का दोषी मानते हुए अन्य आरोपियों के समान सजा दी।
यह मामला वर्ष 2003 का है, जब रायपुर में व्यवसायी-राजनेता राम अवतार जग्गी की हत्या कर दी गई थी। उस समय राज्य के मुख्यमंत्री अजीत जोगी थे। इस हाई-प्रोफाइल केस में पहले 2007 में सीबीआई की विशेष अदालत ने 28 आरोपियों को दोषी ठहराया था, जबकि अमित जोगी को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया था।
बाद में सीबीआई ने इस फैसले को चुनौती दी। सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद मामला पुनः हाई कोर्ट में सुना गया। 2 मार्च 2026 को कोर्ट ने अमित जोगी को दोषी ठहराया था और तीन सप्ताह के भीतर आत्मसमर्पण करने के निर्देश दिए थे।
अब अंतिम सुनवाई में कोर्ट ने सजा सुनाते हुए स्पष्ट कर दिया कि मामले में उनकी भूमिका साजिशकर्ता की रही है। इस फैसले के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और यह मामला एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है।













