एमपी न्यायिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल, 250 से अधिक अधिकारियों के तबादले

जबलपुर। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट प्रशासन ने प्रदेश की न्यायिक व्यवस्था में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए 250 से अधिक न्यायिक अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। रविवार, 5 अप्रैल को देर रात जारी पांच अलग-अलग आदेशों में सिविल जज (सीनियर व जूनियर डिवीजन), मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर नई पदस्थापनाएं की गई हैं।
आदेश के अनुसार सिविल जज (सीनियर डिवीजन) स्तर पर 58 अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है। इनमें अतुल यादव, पुष्पराज सिंह उइके, अमित नागयाच, विजय कुमार पाठक और तथागत याज्ञिक जैसे अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सबसे बड़ा फेरबदल सिविल जज (जूनियर डिवीजन) स्तर पर हुआ है, जहां 190 से अधिक न्यायिक अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। इस सूची में अमन सुलिया, अंशुल ताम्रकार, सौरभ गोस्वामी, दिव्या रामटेके, प्राची सिंह पटेल और अंकिता जैन शामिल हैं।
इसके अलावा सीजेएम स्तर पर भी कई जिलों में नए पदस्थापन किए गए हैं। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और राज्य न्यायिक अकादमी में भी अधिकारियों की नियुक्तियां कर न्यायिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाया गया है।
हाईकोर्ट ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे 20 अप्रैल 2026 तक अपने वर्तमान पद से कार्यमुक्त होकर नई पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें।













