इंदौर में भीषण सड़क हादसा: बारातियों से भरी कार ट्रक में घुसी, 4 की मौत, 8 घायल

इंदौर। शहर में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। देवगुराडिया ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास दुल्हन लेकर लौट रही बारातियों से भरी क्वालिस कार एक ट्रक के पीछे जा घुसी, जिसमें 4 युवकों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब आगे चल रहे भूसा से भरे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। पीछे आ रही तेज रफ्तार क्वालिस कार समय पर नहीं रुक सकी और सीधे ट्रक में जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
इस हादसे में इरफान (24), आरिस (20) और फरहान (19) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अरफाद (23) ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सभी मृतक बारात से लौट रहे थे।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और कुछ लोगों ने ट्रक में आग लगाने की भी कोशिश की, जिससे तनाव की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपेश द्विवेदी ने बताया कि ट्रक चालक से पूछताछ कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।













