जबलपुर में बड़ा प्रशासनिक एक्शन: सीएमएचओ बदले, घोटाले में डॉ. संजय मिश्रा निलंबित

जबलपुर। जिले के स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने सिविल सर्जन डॉ. नवनीत कोठारी को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है। रविवार देर रात जारी आदेश के साथ ही पूर्व सीएमएचओ डॉ. संजय मिश्रा को इस जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, डॉ. संजय मिश्रा को करोड़ों रुपये के कथित वित्तीय घोटाले में निलंबित किया गया है और उन्हें भोपाल संभाग के क्षेत्रीय संचालक कार्यालय से अटैच किया गया है। यह कार्रवाई सीएमएचओ कार्यालय में फर्जी देयकों के जरिए भुगतान की शिकायतों के बाद की गई।
जांच में सामने आया है कि भोपाल की एक निजी कंपनी को 12 फर्जी बिलों के माध्यम से करीब 93.04 लाख रुपये का भुगतान किया गया, जबकि संबंधित सामग्री की आपूर्ति ही नहीं हुई थी। इस मामले की जांच डिप्टी कलेक्टर रघुवीर सिंह मरावी के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की जा रही है।
कलेक्टर के निर्देश पर जांच टीम द्वारा विस्तृत रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत की जाएगी। प्रशासनिक हलकों में इस कार्रवाई को बड़ी सख्ती के रूप में देखा जा रहा है और आगे और खुलासों की संभावना जताई जा रही है।













