ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

प्रेमिका से शादी की जिद में युवक 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा, 3 घंटे बाद उतरा

 

जबलपुर। जिले के सिहोरा क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक की जिद ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। प्रेमिका से शादी की मांग को लेकर युवक हाईटेंशन लाइन के करीब 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया और नीचे उतरने से इनकार कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार मैहर निवासी रतन कोरी अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता था, लेकिन लड़की के परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। मंगलवार सुबह वह सिहोरा के गंजताल गांव पहुंचा और एक बार फिर शादी का प्रस्ताव रखा। मना किए जाने पर नाराज होकर वह पास ही स्थित बिजली टावर पर चढ़ गया और ऊपर से लगातार प्रेमिका को बुलाने की जिद करता रहा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को के नेतृत्व में टीम ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। करीब साढ़े तीन घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने युवक की प्रेमिका को मौके पर बुलवाया।

प्रेमिका के सामने आने और शादी का आश्वासन देने के बाद युवक टावर से नीचे उतरा। नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे समझाइश दी और बाद में परिजनों को सौंप दिया।

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले एक साल से प्रेम संबंध था, लेकिन पारिवारिक सहमति नहीं मिलने के कारण युवक ने यह खतरनाक कदम उठा लिया। घटना के दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।

Author

Related Articles

Back to top button