ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

जबलपुर में देर रात किराना दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

जबलपुर। शहर के बेलबाग क्षेत्र में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक किराना दुकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना रात करीब 1:05 बजे कंट्रोल रूम को मिली, जिसके बाद तत्काल दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं।

जानकारी के अनुसार, आग अग्रवाल किराना दुकान में लगी थी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

दुकान संचालक ने बताया कि वह रात लगभग 11 बजे दुकान बंद कर घर चला गया था। देर रात करीब 1 बजे उसे फोन पर आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद वह तुरंत मौके पर पहुंचा।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। इस हादसे में दुकान में रखा लाखों रुपये का किराना सामान जलकर नष्ट हो गया।

फिलहाल नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से आसपास की अन्य दुकानों को बड़ा नुकसान होने से बचा लिया गया।

Author

Related Articles

Back to top button