उज्जैन में तीन मंजिला मकान ढहा, सतर्कता से टला बड़ा हादसा

उज्जैन। शहर के गेबी हनुमान क्षेत्र में सोमवार शाम एक तीन मंजिला मकान अचानक गिरने से हड़कंप मच गया। यह मार्ग महाकाल मंदिर जाने वाला प्रमुख रास्ता है, जहां आमतौर पर श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही रहती है। हालांकि समय रहते रास्ता खाली करा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम करीब 6 बजे से मकान झुकने लगा था। खतरे को भांपते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल सड़क पर आवाजाही रोक दी। करीब 7 बजे मकान भरभराकर गिर गया। यदि ट्रैफिक जारी रहता, तो गंभीर जनहानि हो सकती थी।
मकान मालिक मनोज भावसार और अली अजगर सहित रहवासियों ने आरोप लगाया है कि पास में पोकलेन मशीन से चल रही तोड़फोड़ के कारण भवन कमजोर हुआ। साथ ही, बीते एक महीने से मकान की नींव में पानी भरने की शिकायत भी की जा रही थी, जिससे संरचना और कमजोर हो गई।
वहीं, नगर निगम ने सफाई देते हुए कहा कि ढाबा रोड पर मार्ग चौड़ीकरण के तहत जर्जर भवन को नियमानुसार और सुरक्षा व्यवस्था के साथ हटाया जा रहा था। पूरी कार्रवाई अधिकारियों की निगरानी में बैरिकेडिंग कर की गई थी।
पुलिस के अनुसार इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। मौके पर पुलिस और नगर निगम की टीम तैनात है और मलबा हटाने का कार्य जारी है।













