देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

अहमदाबाद में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग से दो मासूमों की मौत, माता-पिता की हालत गंभीर

अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद के चांदखेड़ा इलाके से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां कथित तौर पर मिलावटी डोसा बैटर खाने से एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि माता-पिता अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, चांदखेड़ा निवासी विमल प्रजापति और उनकी पत्नी भावना प्रजापति ने स्थानीय घनश्याम डेयरी से रेडीमेड डोसा बैटर खरीदा था। इस बैटर से बना डोसा खाने के बाद पूरे परिवार को उल्टी-दस्त की शिकायत हुई, जो बाद में गंभीर फूड पॉइजनिंग में बदल गई। घटना में तीन माह की बच्ची राहा और चार वर्षीय मिश्री की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दंपति की हालत गंभीर बनी हुई है।

परिजनों के अनुसार, 1 अप्रैल की रात बैटर खरीदा गया था और अगले दिन सेवन के बाद तबीयत बिगड़नी शुरू हुई। आशंका जताई जा रही है कि मां की तबीयत खराब होने के बावजूद स्तनपान कराने से तीन माह की बच्ची भी इसकी चपेट में आ गई।

वहीं, डेयरी संचालक केतन पटेल ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उसी बैच का बैटर कई अन्य ग्राहकों ने भी खरीदा था और किसी को कोई समस्या नहीं हुई। उन्होंने पूरे मामले को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम के खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी है। सच्चाई जानने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) में परीक्षण कराया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Author

Related Articles

Back to top button