सिंगरौली में पट्टा विवाद पर महिला का विरोध, 15 अप्रैल से अनशन की चेतावनी

सिंगरौली। जिले के चितरंगी तहसील अंतर्गत ग्राम हरफुरी की एक महिला ने भूमि पट्टा न मिलने से नाराज होकर प्रशासन के खिलाफ विरोध का ऐलान किया है। गुलाबवती कुशवाहा ने कलेक्टर को आवेदन देकर 15 अप्रैल 2026 से आमरण अनशन शुरू करने की अनुमति मांगी है।
महिला का कहना है कि वह आराजी नंबर 392 (0.04 हेक्टेयर) भूमि पर लंबे समय से काबिज हैं, लेकिन अब तक उन्हें पट्टा आवंटित नहीं किया गया। इस संबंध में उन्होंने 17 मार्च 2026 को भी आवेदन दिया था, परंतु कोई कार्रवाई नहीं हुई।
अपने आवेदन में उन्होंने संबंधित भूमि का पट्टा देने, चितरंगी थाना प्रभारी पर कार्रवाई करने तथा हल्का पटवारी के स्थानांतरण की मांग की है।
महिला ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी न होने पर वह 15 अप्रैल से कलेक्ट्रेट बैढ़न के पास आमरण अनशन पर बैठेंगी। साथ ही, उन्होंने आत्मदाह जैसे कदम उठाने की भी बात कही है।
इस मामले की सूचना मुख्यमंत्री कार्यालय सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को भी भेजी गई है। प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।













