ट्रेन में पर्स चोरी कर भाग रहा अंतरराज्यीय शातिर बदमाश गिरफ्तार, तालाब में कूदकर भी नहीं बच पाया

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) के जबलपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ट्रेन से महिला यात्री का पर्स चोरी कर फरार हो रहा था, लेकिन आरपीएफ की मुस्तैदी से वह बच नहीं सका।
आरपीएफ के अनुसार, सुबह करीब 04:50 बजे सिहोरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 11753 से एक संदिग्ध व्यक्ति प्लेटफॉर्म के विपरीत दिशा से उतरकर भागने की कोशिश कर रहा था। संदेह होने पर ड्यूटी पर तैनात टीम ने उसका पीछा शुरू किया।
तालाब में कूदकर भागने की कोशिश गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी पास के बाजार क्षेत्र स्थित तालाब में कूद गया। इसके बावजूद आरपीएफ स्टाफ ने हिम्मत नहीं हारी और स्थानीय पुलिस की मदद से तालाब में उतरकर उसे पकड़ लिया। बाहर निकालने के बाद भी आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन हल्की चोटों के बावजूद जवानों ने उसे काबू कर लिया।
पहचान छिपाने की कोशिश नाकाम पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी जांच और पुराने रिकॉर्ड के आधार पर उसकी पहचान हरविंदर सिंह (32 वर्ष), निवासी बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।
निकला अंतरराज्यीय आदतन अपराधी जांच में सामने आया कि आरोपी मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश सहित कई राज्यों में चोरी के मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ भोपाल, इटारसी, उज्जैन, इगतपुरी, पुणे, मुंबई, विशाखापट्टनम और गुडीवाड़ा में कई केस दर्ज हैं। साथ ही, कई जगहों पर उसके खिलाफ वारंट भी लंबित हैं।
अपराध का तरीका आरोपी बेहद शातिर है और पहचान छिपाने के लिए कोई आईडी नहीं रखता। वह बार-बार सिम कार्ड बदलता है और ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाता है।
आज कोर्ट में पेशी आरपीएफ ने आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। उसे 8 अप्रैल 2026 को रेल न्यायालय जबलपुर में पेश किया जाएगा।
इनका रहा सराहनीय योगदान इस कार्रवाई में आरपीएफ निरीक्षक राजीव खरब, उप निरीक्षक अरविंद, कांस्टेबल विनय मौर्य और कांस्टेबल आशीष यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













