जबलपुर से वैष्णो देवी जा रहे युवक की ग्वालियर स्टेशन पर दर्दनाक मौत

जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर से अपने पिता के साथ माता वैष्णो देवी धाम जा रहे एक युवक की मंगलवार 7 अप्रैल की दोपहर ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह हादसा प्लेटफार्म नंबर 3 पर हुआ, जिसके बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की भीड़ जमा हो गई।
मृतक की पहचान अभिषेक चौधरी के रूप में हुई है। वह अपने पिता और अन्य परिजनों के साथ जबलपुर से कटरा जाने वाली ट्रेन संख्या 11449 में सवार होकर मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि ट्रेन ग्वालियर स्टेशन पर कुछ देर के लिए रुकी थी। इसी दौरान अभिषेक बाथरूम जाने के लिए ट्रेन से नीचे उतर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन के चलने या किसी अन्य ट्रेन की आवाजाही के दौरान वह अचानक असंतुलित होकर पटरी पर गिर गया और ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
इस हृदयविदारक हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्टेशन पर कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।













