चितरंगी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 9 बाइक बरामद

सिंगरौली/चितरंगी। जिले में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए चितरंगी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 3 आरोपियों और 2 नाबालिगों को पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से करीब 7 लाख 10 हजार रुपए कीमत की 9 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
मुखबिर की सूचना से खुला राज
पुलिस टीम पुराने मामलों की जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी। इसी दौरान 5 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक चोरी की पल्सर बाइक बेचने की फिराक में चितरंगी में मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी कर संदेही को पकड़ा और पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया।
खंडहरों में छिपाई थीं गाड़ियां
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बाइक चोरी की थीं। चोरी की सभी गाड़ियों को खैराही और गिदरवा के खंडहर मकानों में छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी 9 मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं।
कई जिलों में फैला था नेटवर्क
गिरोह ने चितरंगी, मोरवा, बरगवां, रीवा, अनपरा और शक्तिनगर जैसे क्षेत्रों से वाहन चोरी किए थे। इससे साफ है कि गिरोह का नेटवर्क अंतर्राज्यीय स्तर तक फैला हुआ था।
पुलिस ने बबुलेश साहू (20), रामराज सिंह गोंड (22) और सूर्यभान सिंह गोंड (18) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वहीं 2 नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह रीवा भेजा गया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुदेश तिवारी सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।













