चार्जिंग के दौरान ई-बाइक में लगी भीषण आग, थाने के सामने धू-धू कर जली स्कूटी

सिंगरौल। जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र में ई-वाहनों की सुरक्षा को लेकर एक चिंताजनक घटना सामने आई है। थाना परिसर के ठीक सामने एक ई-बाइक (स्कूटी) में अचानक आग लग गई, जिससे कुछ ही मिनटों में वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार वाहन मालिक रवि साहू ने अपनी ई-स्कूटी को दुकान के बाहर चार्जिंग पर लगाया था। इसी दौरान अचानक बैटरी से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि कोई बड़ा प्रयास सफल नहीं हो सका। जब तक आग पर काबू पाया जाता, स्कूटी पूरी तरह जल चुकी थी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
वाहन मालिक रवि साहू ने आशंका जताई है कि बैटरी चार्जिंग के दौरान तकनीकी खराबी के चलते यह हादसा हुआ। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
लोगों में बढ़ी चिंता, जागरूकता की मांग
थाने के सामने हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों को चिंतित कर दिया है। लोगों का कहना है कि ई-वाहनों की बढ़ती संख्या के साथ उनकी सुरक्षा को लेकर जागरूकता और सतर्कता बेहद जरूरी है।फिलहाल इस मामले में पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है, लेकिन घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।













