अवैध शराब के शक में युवक की पिटाई, एक महीने पुराना वीडियो वायरल

सिंगरौली। जिले के ग्रामीण अंचल से मारपीट का एक मामला सामने आया है, जहां अवैध शराब तस्करी के संदेह में ग्रामीणों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया है।
जानकारी के मुताबिक ग्रामीणों को संदेह था कि युवक गांव-गांव जाकर अवैध रूप से देशी और अंग्रेजी शराब की सप्लाई कर रहा है। इसी शक के आधार पर ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और जमकर मारपीट की। बताया जा रहा है कि युवक के पास से शराब के पाउच भी मिले थे।
वायरल वीडियो में पीड़ित युवक यह कहते हुए नजर आ रहा है कि शराब ठेकेदारों द्वारा उस पर दबाव बनाया जाता है। उसका आरोप है कि उसे जबरन गांव-गांव शराब पहुंचाने के लिए मजबूर किया जाता है। इस खुलासे के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार को लेकर लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।
इस संबंध में संदीप नामदेव, सासन चौकी प्रभारी ने बताया कि वायरल वीडियो करीब एक महीने पुराना है। अब तक न तो पीड़ित युवक और न ही ग्रामीणों की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है।
पुलिस का कहना है कि यदि इस मामले में कोई शिकायत प्राप्त होती है, तो जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब के कारोबार और कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।













