14 साल से मुआवजे के लिए भटक रहा दिव्यांग, जनसुनवाई में उठी आवाज

सिंगरौली। जिले के बलियरी गांव निवासी दिव्यांग मोहम्मद शोएब पिछले 14 वर्षों से अपने मुआवजे के लिए भटक रहे हैं। वर्ष 2011 में एनटीपीसी परियोजना के तहत उनकी जमीन और मकान का अधिग्रहण किया गया था, लेकिन अब तक उन्हें 6.34 लाख रुपये की राशि प्राप्त नहीं हो सकी है।
मोहम्मद शोएब जन्म से ही शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं। परिवार में पिता के निधन के बाद आर्थिक जिम्मेदारियां भी उन्हीं पर आ गईं। उन्होंने कई बार संबंधित विभागों में आवेदन दिए, लेकिन हर बार तकनीकी कारणों का हवाला देकर मामला लंबित रखा गया।
मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में उन्होंने कलेक्टर गौरव बैनल के समक्ष अपनी समस्या रखी। इस पर कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भू-अर्जन शाखा के अधिकारियों को जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि सिंगरौली में औद्योगिक परियोजनाओं के चलते बड़ी संख्या में भूमि अधिग्रहण हुआ है, जिससे जुड़े कई मामलों में मुआवजा लंबित होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करता है।













