टीईटी अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों का कलेक्ट्रेट घेराव

सिंगरौली। टीईटी परीक्षा को अनिवार्य किए जाने और प्रथम नियुक्ति से वरिष्ठता बहाल करने की मांग को लेकर जिले में अध्यापक-शिक्षक संयुक्त मोर्चा के बैनर तले सैकड़ों शिक्षकों ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
शिक्षक नगर निगम के समीप स्थित शिव मंदिर में एकत्रित हुए, जहां से रैली निकालकर हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च किया। यहां पहुंचकर उन्होंने प्रदेश सरकार के हालिया आदेश के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि वे वर्ष 1998 से शासन के निर्देशानुसार लगातार सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों के लिए दोबारा टीईटी परीक्षा अनिवार्य करना अव्यवहारिक है। उनका कहना है कि 25 से 50 वर्ष आयु वर्ग के शिक्षक इस निर्णय से मानसिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं।
शिक्षकों ने टीईटी अनिवार्यता समाप्त करने, प्रथम नियुक्ति से वरिष्ठता बहाल करने तथा सरकार से सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने की मांग की है। चेतावनी दी गई कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।













