कोलयार्ड में मजदूरों के शोषण का आरोप, आंदोलन की चेतावनी

सिंगरौली। जिले के सरई क्षेत्र स्थित बैरा सिटी ट्रांसपोर्ट गजराबहरा कोलयार्ड में मजदूरों के शोषण का मामला सामने आया है। मजदूरों ने आरोप लगाया है कि उनसे 8 घंटे के बजाय 12 घंटे तक काम कराया जा रहा है, जबकि उन्हें मात्र 11 हजार रुपये मासिक वेतन दिया जा रहा है।
मजदूरों में इसको लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि लंबे समय से वे इस समस्या का सामना कर रहे हैं, लेकिन प्रबंधन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
मजदूरों ने अपनी प्रमुख मांगों में 8 घंटे की ड्यूटी तय करने, ओवरटाइम का भुगतान, कार्यस्थल पर सुरक्षा के उचित इंतजाम और बेहतर कार्य परिस्थितियों की व्यवस्था करने की मांग की है।
मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया, तो वे कोलयार्ड प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन और प्रदर्शन करेंगे।













