अब शव वाहन के लिए अलग नंबर: 155334 पर कॉल करते ही मिलेगी मुफ्त सेवा

सिंगरौली। राज्य सरकार ने आमजन की सुविधा के लिए शव वाहन सेवा को और सुलभ बनाते हुए नया निःशुल्क हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। अब जिला चिकित्सालय में किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर परिजन 155334 नंबर डायल कर मुफ्त शव वाहन सेवा का लाभ ले सकेंगे।
यह व्यवस्था सीधी सहित प्रदेश के सभी जिलों में लागू की गई है। पहले यह सुविधा 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से उपलब्ध थी, लेकिन अब इसे अलग नंबर से संचालित किया जा रहा है, जिससे लोगों को और आसानी होगी।
सरकार द्वारा अधिकृत कंपनी जय अम्बे इमर्जेंसी सर्विस के माध्यम से संचालित इस सेवा के तहत शव को अस्पताल से घर या श्मशान (शांति धाम) तक निःशुल्क पहुंचाया जाएगा।
विशेष बात यह है कि यह सुविधा केवल जिला अस्पताल ही नहीं, बल्कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) स्तर पर भी उपलब्ध रहेगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित अस्पताल से शव वाहन भेजा जाएगा।
सरकार की इस पहल से जरूरतमंद परिवारों को कठिन समय में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।













