हाईवे ओवरब्रिज के नीचे मिला 25 वर्षीय युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

सिंगरौली। जिले के मोरवा थाना अंतर्गत गोरबी चौकी क्षेत्र में शनिवार को नेशनल हाईवे-39 स्थित महदेईया ओवरब्रिज के नीचे एक 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान राजू सोनी (25) पिता विशेषर सोनी, निवासी कुडवा के रूप में हुई है। स्थानीय राहगीरों ने ओवरब्रिज के नीचे युवक का शव पड़ा देखा और तत्काल गोरबी चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक के मुंह से खून निकल रहा था तथा शरीर पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।













