बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

बारिश में जलमग्न हो रहा शक्तिनगर मार्ग, शिकायतों के बाद भी नहीं सुधरी जल निकासी व्यवस्था

आधे घंटे की बारिश में सड़क बनी तालाब, एनटीपीसी कर्मचारियों, रहवासियों और स्कूली बच्चों को परेशानी

सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल क्षेत्र अंतर्गत शक्तिनगर मार्ग पर बारिश के दौरान जलभराव की समस्या लगातार लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों द्वारा कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने से थोड़ी सी बारिश में ही प्रमुख मार्ग पानी से लबालब हो जाता है।

वार्ड क्रमांक 36 के कांग्रेस पार्षद प्रेमसागर मिश्रा ने बताया कि आधे से एक घंटे की बारिश में ही सड़क पर इतना पानी भर जाता है कि लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस मार्ग से एनटीपीसी में कार्यरत कर्मचारियों के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय रहवासी, स्कूली बच्चे और मरीजों का आना-जाना होता है।

जलभराव के कारण पैदल चलने वाले लोगों के साथ ही दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। सड़क पर पानी भरने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।

पार्षद एवं स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की समस्या को लेकर एनटीपीसी विंध्याचल प्रबंधन को कई बार पत्राचार कर अवगत कराया गया है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। लोगों ने आरोप लगाया कि हर वर्ष बारिश के मौसम में यही स्थिति बनती है, बावजूद इसके प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों और पार्षद ने एनटीपीसी प्रबंधन से मांग की है कि जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण कर नालियों की सफाई, जल निकासी की उचित व्यवस्था और आवश्यक निर्माण कार्य कराए जाएं, ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी से राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।

Author

Related Articles

Back to top button