ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसीधी

तीन माह से लापता नाबालिग किशोरी उत्तर प्रदेश के कौशांबी से बरामद, आरोपी गिरफ्तार

सीधी। प्रदेश स्तर पर गुमशुदा बच्चों की दस्तयाबी हेतु पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान मुस्कान के अंतर्गत सीधी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने जनवरी माह से लापता एक नाबालिग किशोरी को उत्तर प्रदेश के कौशांबी से सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के चेहरे पर मुस्कान वापस लौटाई है।
पुलिस के अनुसार विगत 9 जनवरी को पीडि़त परिजनों ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री घर से अचानक लापता हो गई है। परिजनों द्वारा सगे संबंधियों और आस पड़ोस में काफी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्रकरण पंजीबद्ध कर तलाश शुरू की थी। शुरुआती जांच में किशोरी का कोई पता नहीं चल सका था, किंतु हाल ही में थाना प्रभारी कोतवाली को मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों से सूचना प्राप्त हुई कि किशोरी उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी द्वारा एक विशेष टीम का गठन कर तत्काल कौशांबी रवाना किया गया। पुलिस टीम ने कौशांबी पहुंचकर तत्परता दिखाते हुए किशोरी को दस्तयाब किया। जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने बहला-फुसलाकर किशोरी का अपहरण किया था और उसे अपने साथ ले गया था। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को भी हिरासत में ले लिया है, जिसके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

अभियान मुस्कान का मुख्य उद्देश्य बिछड़े हुए बच्चों को उनके परिवार से मिलाना है। सीधी पुलिस इस अभियान के तहत पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय, सहायक उप निरीक्षक सुनील पाण्डेय एवं आरक्षक शिवेंद्र मिश्रा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही।

Author

Related Articles

Back to top button