सतना में भीषण सड़क हादसा: सरिया लदा ट्रक नहर में गिरा, तीन की मौत

सतना – जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-39 पर नेमुआ मोड़ के पास सरिया से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए नहर में जा गिरा। इस हादसे में ट्रक चालक, क्लीनर और एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना सुबह करीब 8 बजे राहगीरों द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था और तीनों शव उसके अंदर फंसे हुए थे, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण बन गया।
पुलिस ने क्रेन की सहायता से ट्रक को सीधा कर दो शवों को बाहर निकाला, जबकि तीसरा शव ट्रक की बॉडी में बुरी तरह फंसा हुआ था। उसे निकालने के लिए कटर मशीन का इस्तेमाल करना पड़ा। करीब चार घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद तीनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों में दो की पहचान हो चुकी है। इनमें मैहर जिले के ग्राम पडरी निवासी दिलीप केवट और रामगढ़ निवासी विष्णु केवट शामिल हैं। तीसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास कर रही है।
प्राथमिक जांच में हादसे का कारण ट्रक का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।













