कटनी में सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से तेंदुआ गंभीर घायल, रेस्क्यू जारी

कटनी – जिले के बड़वारा कुंडम परियोजना परिक्षेत्र में मंगलवार देर रात एक सड़क हादसे में तेंदुआ गंभीर रूप से घायल हो गया। मझगवा और पठरा गांव के बीच अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल तेंदुआ सड़क किनारे गिरा मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे राहगीरों ने सड़क किनारे घायल अवस्था में तेंदुए को देखा और तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़वारा रेंजर सैयद जुनैद अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी, ताकि तेंदुआ आबादी की ओर न बढ़े और किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
वन अधिकारियों के मुताबिक, तेंदुए को गंभीर चोटें आई हैं, विशेष रूप से उसके पिछले हिस्से में गहरे घाव पाए गए हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए कटनी मुख्यालय से पिंजरा मंगवाया गया है। साथ ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की विशेषज्ञ चिकित्सक टीम को भी सूचना दे दी गई है, जो मौके पर पहुंचकर तेंदुए का उपचार और सुरक्षित रेस्क्यू करेगी।
प्रारंभिक जांच में मामला हिट एंड रन का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि जंगल पार करते समय किसी तेज रफ्तार वाहन ने तेंदुए को टक्कर मार दी। वन विभाग ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों में घायल वन्यजीवों से दूरी बनाए रखें और तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि समय पर मदद पहुंचाई जा सके।













