ऑपरेशन यात्री सुरक्षा में आरपीएफ को सफलता, मोबाइल चोरी करते युवक गिरफ्तार

जबलपुर -रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार को गहन चेकिंग के दौरान आरपीएफ टीम ने एक शातिर युवक को रंगे हाथों पकड़ लिया, जो यात्रियों का मोबाइल चोरी करने की कोशिश कर रहा था।
पकड़े गए आरोपी की पहचान सोहेल (22 वर्ष), निवासी बड़ा मदारछल्ला, थाना हनुमानताल के रूप में हुई है। आरपीएफ के अनुसार आरोपी “थीफ्ट ऑफ पैसेंजर बिलॉन्गिंग्स” (TOPB) श्रेणी का अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।
आरपीएफ टीम ने सतर्कता और तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जीआरपी जबलपुर को सौंप दिया गया। जीआरपी थाना में आरोपी के खिलाफ प्रकरण क्रमांक 70/2026 के तहत बीएनएसएस की धाराएं 170, 126 और 135 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में आरपीएफ पोस्ट जबलपुर के कांस्टेबल सूर्यानाथ और कांस्टेबल हरिकेश की विशेष भूमिका रही। उनकी सक्रियता और सजगता के कारण एक बड़ी चोरी की वारदात को समय रहते रोका जा सका।
जबलपुर रेल मंडल ने आरपीएफ टीम की इस सराहनीय कार्रवाई की प्रशंसा की है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत आरपीएफ या जीआरपी को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जा सके।













