सिंगरौली में चोरों का आतंक: परिवार को बंधक बनाकर 10 लाख के जेवर और नकदी ले उड़े बदमाश
बरगवां थाना क्षेत्र के पतेरी गांव में देर रात वारदात; पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे

सिंगरौली; जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला बरगवां थाना क्षेत्र के पतेरी गांव का है, जहां अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर परिवार को बंधक बना लिया और लाखों रुपये के जेवरात व नगदी लेकर फरार हो गए। घटना 21 अप्रैल की देर रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी नारायण प्रसाद चतुर्वेदी अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान बदमाश घर में घुस आए। दरवाजे की आहट से परिजन जागे, लेकिन तब तक आरोपी वारदात को अंजाम दे चुके थे। घर के अंदर का सामान बिखरा हुआ मिला और अलमारी का ताला टूटा हुआ था। बदमाश करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और लगभग 70 हजार रुपये नगद लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बरगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक श्याम बिहारी दुबे को सौंपी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
लगातार सामने आ रही चोरी और लूट की घटनाओं ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कभी बैंक तो कभी घरों को निशाना बनाकर अपराधी वारदात को अंजाम दे रहे हैं, जिससे आम लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ कम होता नजर आ रहा है, ऐसे में पुलिस को सख्त कदम उठाने की जरूरत है।













