फेक खबरों पर सरकार का खंडन: पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का कोई प्रस्ताव नहीं

नई दिल्ली। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी को लेकर फैल रही खबरों को केंद्र सरकार ने सिरे से खारिज कर दिया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है और इस तरह की खबरें पूरी तरह भ्रामक हैं।
मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा था कि विधानसभा चुनावों के बाद पेट्रोल-डीजल के दाम 25 से 28 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ सकते हैं, लेकिन यह जानकारी गलत है। सरकार ने इसे “फेक न्यूज” बताते हुए नागरिकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।
आपूर्ति सामान्य, घबराकर खरीदारी न करें
सरकार ने यह भी साफ किया है कि देशभर में पेट्रोल, डीजल और गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। लोगों से अपील की गई है कि वे घबराहट में ईंधन या गैस की अनावश्यक खरीदारी न करें।
चार साल से कीमतों में नहीं हुई बढ़ोतरी
मंत्रालय के अनुसार, भारत उन देशों में शामिल है जहां पिछले चार वर्षों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। सरकार और सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए लगातार प्रयास किए हैं।
एलपीजी और पीएनजी कनेक्शन में तेजी
सरकार ने बताया कि 23 मार्च 2026 से अब तक 20 लाख से अधिक 5 किलो वाले छोटे गैस सिलेंडर (एफटीएल) बेचे जा चुके हैं, जो खासकर प्रवासी मजदूरों के लिए राहतकारी साबित हो रहे हैं।
वहीं, पीएनजी कनेक्शन के विस्तार में भी तेजी आई है। मार्च 2026 से अब तक 5.10 लाख नए कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं और लाखों लोग नए कनेक्शन के लिए पंजीकरण करा चुके हैं।
सरकार का कहना है कि गैस और ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और किसी भी तरह की अफवाहों से बचना जरूरी है।













