बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का आह्वान: हर परिवार चार बच्चे पैदा करने का ले संकल्प

नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर संगठन देशभर में विस्तार अभियान चला रहा है। इसी क्रम में नागपुर में आयोजित भारतदुर्गा शक्तिस्थल एवं धर्मसभा के विशाल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ प्रमुख मोहन भागवत ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि हर परिवार चार बच्चे पैदा करने का संकल्प ले और उनमें से एक को संघ के स्वयंसेवक के रूप में राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित करे।

मोहन भागवत ने स्वयंसेवकों की निस्वार्थ सेवा की सराहना करते हुए कहा कि देश में किसी भी आपदा के समय संघ के कार्यकर्ता सबसे पहले राहत और बचाव कार्यों में जुट जाते हैं। उन्होंने इसे संगठन की प्रतिबद्धता और शक्ति का प्रतीक बताया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में भारत की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। “भारत विश्वगुरु बनेगा या नहीं, इस पर संदेह करने की आवश्यकता नहीं है। हमें आत्मविश्वास के साथ सही दिशा में कार्य करना चाहिए,” उन्होंने कहा।

राम मंदिर आंदोलन का उदाहरण देते हुए भागवत ने कहा कि एक समय इसके निर्माण को लेकर भी संशय था, लेकिन अंततः न्यायालय के निर्णय के बाद मंदिर का निर्माण संभव हुआ। इससे यह संदेश मिलता है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से लक्ष्य अवश्य प्राप्त होता है।

शताब्दी वर्ष के तहत संघ द्वारा डोर-टू-डोर अभियान भी चलाया जा रहा है। संघ के संयुक्त महासचिव सी.आर. मुकुंद के अनुसार, केरल में इस अभियान के दौरान हजारों मुस्लिम और ईसाई परिवारों तक पहुंच बनाई गई, जहां स्वयंसेवकों का सकारात्मक स्वागत हुआ। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य समाज में समरसता और सकारात्मक शक्ति का निर्माण करना है।

Author

Related Articles

Back to top button