केंद्रीय जेल जबलपुर में वृहद स्वास्थ्य व विधिक साक्षरता शिविर आयोजित
265 बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण, अधिकारों की दी गई जानकारी

जबलपुर। उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति के सौजन्य से केंद्रीय जेल जबलपुर में शनिवार को वृहद स्वास्थ्य एवं विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम माननीय मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा एवं समिति अध्यक्ष न्यायमूर्ति विवेक अग्रवाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
शिविर का शुभारंभ मुख्य न्यायाधीश द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया। इस दौरान न्यायमूर्ति विवेक अग्रवाल ने बंदियों को विधिक सहायता, उनके अधिकारों, मामलों के शीघ्र निपटान तथा रियायत/माफी संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पात्र बंदियों को नियमों के अनुसार लाभ उपलब्ध कराया जाए।
स्वास्थ्य शिविर में नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने भाग लिया। जनरल मेडिसिन, सर्जरी, त्वचा, स्त्री रोग, ईएनटी, दंत, न्यूरोलॉजी, मनोरोग, अस्थि रोग, शिशु रोग, ऑन्कोलॉजी और नेफ्रोलॉजी विभाग के चिकित्सकों ने कुल 265 बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और आवश्यक दवाइयां वितरित कीं।
कार्यक्रम का सफल आयोजन जेल अधीक्षक अखिलेश तोमर, उप जेल अधीक्षक मदन कमलेश व रूपाली मिश्रा तथा सहायक जेल अधीक्षक अंजू मिश्रा के सहयोग से हुआ। संचालन सहायक जेल अधीक्षक हिमांशु तिवारी ने किया।













