ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

पोल से गिरकर आउटसोर्स कर्मचारी की मौत, परिजनों का चक्का जाम

मुआवजा और कार्रवाई की मांग, गोहलपुर बायपास पर यातायात ठप

जबलपुर। शहर के गोहलपुर थाना क्षेत्र स्थित इको सिटी में विद्युत पोल से गिरकर आउटसोर्स कर्मचारी की मौत के बाद शनिवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। वार्ड क्रमांक 74 के रहवासियों और परिजनों ने शव रखकर चक्का जाम कर दिया, जिससे गोहलपुर बायपास पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मरम्मत कार्य के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर ट्रांसफार्मर की एटी केबल खराब होने पर मरम्मत का काम किया जा रहा था। अमखेरा निवासी 50 वर्षीय रंजीत कोरी विद्युत पोल पर चढ़कर सुधार कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वे करीब 10 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गए, जिससे उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। सहकर्मियों ने उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

जेई के निर्देश पर कर रहे थे काम
बताया जा रहा है कि रंजीत कोरी पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधारताल शिकायत केंद्र में कार्यरत थे और इको सिटी में केबल सुधार का काम जूनियर इंजीनियर पुष्पजीत सिंह धुर्वे के निर्देश पर कर रहे थे। हादसे के समय विद्युत सप्लाई बंद होने की बात कही जा रही है, लेकिन दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।

सुरक्षा बैठक से पहले हादसा
तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव हरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि उसी दिन शाम को सुरक्षा उपकरणों के उपयोग को लेकर बैठक प्रस्तावित थी, लेकिन हादसे के बाद उसे निरस्त कर दिया गया।

प्रबंधन पर उठे सवाल
संघ पदाधिकारियों केएन तोखंडे, एसके मोर्य, एसके सिंह, दशरथ शर्मा और शशि उपाध्याय ने कंपनी प्रबंधन से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Author

Related Articles

Back to top button