शादी से लौट रहे परिवार की कार ट्रेलर से टकराई, 5 की मौत
मऊ के दोहरीघाट क्षेत्र में देर रात हादसा, खुशियां मातम में बदली

लखनऊ/मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में बरसातपुर-अहिरानी हाईवे पर शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि स्कॉर्पियो वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना में परिवार का पालतू कुत्ता भी नहीं बच सका।
अनियंत्रित होकर ट्रेलर से भिड़ी स्कॉर्पियो
जानकारी के अनुसार, रात करीब 3 बजे स्कॉर्पियो बरसातपुर-अहिरानी मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित होकर अपनी लेन छोड़ दूसरी लेन में पहुंच गया और सामने से आ रहे ट्रेलर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मृतकों की पहचान
हादसे में विनय श्रीवास्तव (53), उनके बेटे कृतार्थ श्रीवास्तव (27) और पत्नी अर्चना श्रीवास्तव (48), निवासी रानीडीहा, थाना खोराबार (गोरखपुर) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रविंद्र यादव (20) और पुरुषोत्तम कुमार (28), निवासी मटीहानी, थाना मोहनपुर (जिला गया, बिहार) भी इस हादसे में जान गंवा बैठे।
शादी से लौटते समय हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि परिवार रांची में अपनी बेटी की शादी संपन्न कर खुशी-खुशी घर लौट रहा था। लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने उनकी खुशियों को मातम में बदल दिया।
मौके पर मची अफरा-तफरी
घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। दोहरीघाट थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।













