बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

मेमू ट्रेन में अवैध वेंडरों का हमला, दो यात्री गंभीर घायल

कटनी-बीना रूट पर बवाल, पथराव से दहशत; ट्रेन रोकी गई

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल में कटनी-बीना मेमू ट्रेन में शुक्रवार को जमकर बवाल हो गया। अवैध वेंडरों और यात्रियों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ट्रेन को बीच रास्ते में रोकना पड़ा और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

रीठी के पास शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, मेमू ट्रेन (11602/61620) कटनी से बीना की ओर जा रही थी। रीठी स्टेशन के पास दमोह के यात्रियों और सलैया क्षेत्र के अवैध वेंडरों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। आरोप है कि वेंडरों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

बकलेहटा स्टेशन पर बढ़ा हंगामा
घटना के बाद जब ट्रेन बकलेहटा स्टेशन पहुंची तो नाराज यात्रियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जमकर हंगामा किया। कुछ यात्री इंजन तक पहुंच गए और ट्रेन रोक दी गई। स्थिति बिगड़ती देख लोको पायलट ने कंट्रोल रूम को सूचना दी।

पथराव से मची अफरा-तफरी
दोनों पक्षों के बीच पथराव भी हुआ, जिससे ट्रेन में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई। मौके पर चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

पुलिस पहुंची, आरोपी फरार
सूचना मिलने पर रीठी थाना प्रभारी मोहम्मद शाहिद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे। पुलिस ने डायल-112 की मदद से घायलों को रीठी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button