गुलेल के पत्थर से गई जान, विवाद में व्यक्ति की मौत
देवसर में 24 घंटे बाद भी पोस्टमार्टम नहीं, परिजनों में आक्रोश

सिंगरौली। जिले के देवसर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जोगनी बघबुडवा में आपसी विवाद के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक समय लाल बैगा की जान कथित तौर पर गुलेल से मारे गए पत्थर लगने से चली गई, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतक के पुत्र महेश कुमार बैगा के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपियों ने उनके पिता पर गुलेल से हमला किया, जिसमें पत्थर लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से परिजन न्याय की मांग को लेकर चीरघर के बाहर डटे हुए हैं।
परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार सुबह से वे थाना और अस्पताल के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन 24 घंटे बाद भी पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। इससे आक्रोश बढ़ता जा रहा है और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है, जबकि परिजन दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।













