प्रधानमंत्री को फेसबुक पर लिखा खुला पत्र, गौ संरक्षण के लिए सख्त कानून की मांग

सिंगरौली। जिले के चितरंगी ब्लॉक के खुरमुचा निवासी वीरेश मिश्रा ने गौ संरक्षण को लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित एक खुला पत्र लिखा है, जो अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।
वीरेश मिश्रा ने अपने फेसबुक पोस्ट में आवारा गायों की बढ़ती समस्या को गंभीर बताते हुए इसके समाधान के लिए ठोस नीति बनाने की मांग की है। उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार यदि गोबर ₹5 प्रति किलो और गोमूत्र ₹2 प्रति लीटर की दर से खरीदने की व्यवस्था लागू करे, तो इससे गौ पालकों को आर्थिक लाभ मिलेगा और लोग पशुओं को छोड़ने के बजाय उनका पालन-पोषण करने के लिए प्रेरित होंगे।
पत्र में उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि गोबर और गोमूत्र का उपयोग जैविक खाद और अन्य कृषि उत्पादों में किया जा सकता है, जिससे खेती की लागत घटेगी और भूमि की उर्वरता बढ़ेगी।

वीरेश मिश्रा का कहना है कि ऐसी पहल से गौ संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, किसानों की आय में वृद्धि होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उनके इस प्रस्ताव को लेकर स्थानीय स्तर पर समर्थन भी देखने को मिल रहा है।













