हेलमेट नहीं तो चालान तय: 26 अप्रैल से सिंगरौली में 15 दिन का विशेष अभियान
नुक्कड़ नाटक, पोस्टर और स्कूल कार्यक्रमों से बढ़ेगी जागरूकता

सिंगरौली। सड़क हादसों में कमी लाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सिंगरौली पुलिस 26 अप्रैल से 10 मई 2026 तक 15 दिवसीय ‘विशेष हेलमेट चेकिंग एवं जागरूकता अभियान’ चलाएगी। यह अभियान पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में पूरे जिले में संचालित होगा।
अभियान के तहत शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग की जाएगी। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर यान अधिनियम की धारा 129 के तहत चालानी कार्रवाई होगी।
इसके साथ ही पुलिस जागरूकता पर भी जोर देगी। सार्वजनिक स्थानों पर शिविर, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर और पंपलेट के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी। स्कूल और कॉलेजों में विशेष सत्र आयोजित कर युवाओं को ‘सड़क सुरक्षा दूत’ बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे BIS मार्क वाला हेलमेट पहनें, ताकि दुर्घटना की स्थिति में सिर की गंभीर चोट से बचा जा सके।













