जनगणना 2027 का शंखनाद : सिंगरौली में तीन दिवसीय महाप्रशिक्षण सम्पन्न, तैयार हुई दक्ष ‘डिजिटल टीम’

सिंगरौली,- भारत की आगामी जनगणना 2027 की तैयारियों के अंतर्गत सिंगरौली जिले में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के लिए आयोजित तीन चरणीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। शासकीय महाविद्यालय स्थित विज्ञान भवन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी एवं नगर पालिका निगम सिंगरौली की आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान के मार्गदर्शन में किया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से जिले को जनगणना कार्य हेतु तकनीकी रूप से सक्षम, दक्ष एवं प्रशिक्षित मानव संसाधन प्राप्त हुआ है, जो आगामी जनगणना कार्य को सुचारू, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न करेगा।
प्रमुख जनगणना अधिकारी नगरीय क्षेत्र श्रीमती सविता प्रधान ने प्रशिक्षण की रूपरेखा इस प्रकार तैयार कराई कि फील्ड स्तर पर आंकड़ों का संकलन शुद्धता एवं समयबद्धता के साथ किया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि नगरीय क्षेत्र में जनगणना की प्रक्रिया प्रभावी रूप से पहुंचे तथा प्रत्येक जानकारी का संकलन पूरी गंभीरता से किया जाए। जनगणना कार्य की जटिलताओं को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण तीन चरणों में आयोजित किया गया। प्रथम चरण में 15 से 17 अप्रैल तक 169 प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को आधारभूत डेटा संकलन एवं डिजिटल मैपिंग का प्रशिक्षण दिया गया। द्वितीय चरण में 19 से 21 अप्रैल तक 129 प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को तकनीकी प्रक्रियाओं एवं प्रश्नावली भरने का अभ्यास कराया गया। तृतीय चरण में 23 से 25 अप्रैल तक 108 प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को मैदानी चुनौतियों तथा डेटा सिंक्रोनाइजेशन की अंतिम प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए भोपाल से आयें जिला जनगणना समन्वयक हुसैन अली ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं, बल्कि देश के विकास की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि संकलित प्रत्येक आंकड़ा भविष्य की योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु तीन ज़ोनों में अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित की गई, जिसमें ज़ोन क्रमांक 1 के लिए प्रवीण गोस्वामी, ज़ोन क्रमांक 2 के लिए विष्णु पाल सिंह तथा ज़ोन क्रमांक 3 के लिए एच.एम. श्रीवास्तव को दायित्व सौंपा गया।
संपूर्ण कार्यक्रम के सुव्यवस्थित संचालन में प्रभारी अधिकारी ज्योति सिंह एवं उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की तकनीकी जिज्ञासाओं का त्वरित समाधान किया गया। समापन अवसर पर सभी प्रशिक्षित प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को नियुक्ति पत्र, ड्यूटी आदेश तथा फोटोयुक्त पहचान पत्र वितरित किए गए। इस दौरान सभी कर्मियों ने जनगणना 2027 को पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं समयसीमा में सफलतापूर्वक सम्पन्न करने का संकल्प लिया।













