24 घंटे में हत्या का खुलासा: चितरंगी पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
बिजली कनेक्शन काटने के विवाद में लाठी से की थी हत्या, 10 हजार का इनामी आरोपी दबोचा गया

सिंगरौली/चितरंगी। चितरंगी थाना पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी मुन्नालाल पनिका (28), निवासी ग्राम सूदा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
घटना का विवरण: गांव में मिली थी लाश
पुलिस के अनुसार 24 अप्रैल 2026 को सूचना मिली कि ग्राम सूदा निवासी भुनेश्वर उर्फ छंदू कोल (40) का शव लुकामन पनिका के घर के पास पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।
ऐसे पहुंची आरोपी तक पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा तथा एसडीओपी राहुल कुमार सैयाम के मार्गदर्शन में पुलिस की दो टीमें गठित की गईं। एक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए, जबकि दूसरी टीम ने साइबर सेल के सहयोग से आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था।
पूछताछ में कबूला जुर्म
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संदेही मुन्नालाल पनिका को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि मृतक बार-बार उसका बिजली कनेक्शन काट देता था, जिससे नाराज होकर उसने 23-24 अप्रैल की रात करीब 12 बजे लाठी से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाठी भी बरामद कर ली है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक अनिल कुमार पटेल (थाना प्रभारी नवानगर), निरीक्षक विद्यावारिधि तिवारी (थाना प्रभारी गढ़वा), उपनिरीक्षक आर.के. वर्मा, उपनिरीक्षक उमेश कुमारी तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक मोहन पनाडिया, राजेश मिश्रा, रामचरण सतनामी, रमेश कोल, आरक्षक सचिन शुक्ला, शिवकुमार पटेल, सुभाष पाल, दिलीप धाकड़, वीर प्रताप सिंह, सौरभ मंजुल, सर्वादानंद और महिला आरक्षक वर्षा पंथी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।













