चितरंगी में उचित मूल्य दुकान में फिर चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

सिंगरौली। थाना क्षेत्र चितरंगी के ग्राम बोदाखूटा स्थित आदर्श महिला बहुउद्देशीय समिति की उचित मूल्य दुकान में एक बार फिर चोरी की घटना सामने आई है। बीती रात अज्ञात चोरों ने दुकान के आगे और पीछे लगे ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे खाद्यान्न पर हाथ साफ कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोर करीब 4 से 5 बोरी चावल और 3 बोरी गेहूं चोरी कर ले गए। दुकान संचालक शीतला सिंह (पिता स्व. रामाधार सिंह), निवासी ग्राम पोस्ट चितरंगी ने इस संबंध में संबंधित विभाग और पुलिस को सूचना दी है तथा निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पहले भी हो चुकी है चोरी
गौरतलब है कि इसी दुकान में 16 फरवरी को भी चोरी की घटना हुई थी। उस समय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया था, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहली घटना में ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण ही चोरों के हौसले बुलंद हुए और दोबारा वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस व्यवहार पर भी उठे सवाल
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि घटना की सूचना देने के दौरान पुलिस द्वारा उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया गया। उन्होंने प्रशासन से मामले में संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।













