बरगवां में बारात पर हमला, बिना शादी लौटे बाराती

सिंगरौली/बरगवां। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के डगा गांव में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बारात के दौरान अचानक हिंसा भड़क उठी। हालात इतने बिगड़ गए कि दूल्हा पक्ष ने शादी करने से इनकार कर दिया और पूरी बारात बिना विवाह के ही वापस लौट गई।
मिली जानकारी के अनुसार, बड़ोखर निवासी नरेंद्र साकेत अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ बारात लेकर डगा गांव पहुंचे थे। बारात में आर्केस्ट्रा के दौरान कार्यक्रम चल रहा था, तभी लड़की पक्ष के मोहल्ले के करीब 8-10 युवक बारातियों के बीच घुस आए और अभद्र तरीके से नाचने लगे।बताया जा रहा है कि दूल्हे के बड़े भाई ने उन्हें ऐसा करने से मना किया और वहां से जाने को कहा। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया।
मारपीट और भगदड़ से मचा हड़कंप
घटना के दौरान दूल्हे, उसके भाई और चाचा के साथ जमकर मारपीट की गई। अचानक हुए हमले से बारात में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। महिलाओं और बच्चों में दहशत फैल गई, वहीं कई लोग घायल भी हुए।
लूटपाट का भी आरोप
दूल्हे के पिता ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान नकदी और गहनों की लूट भी की गई। घटना के बाद माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि दूल्हा पक्ष ने सुरक्षा और सम्मान को देखते हुए शादी करने से इनकार कर दिया।
इसके बाद पूरी बारात बरगवां थाने पहुंची, जहां मामले की शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।













