तिरंगे के अपमान का आरोप: सिंगरौली में फटे झंडों को लेकर कांग्रेस ने की सख्त कार्रवाई की मांग

सिंगरौली। जिला कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग के संगठन मंत्री एवं अधिवक्ता उसैद हसन सिद्दीकी ने राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) के अपमान और ध्वज संहिता के उल्लंघन को लेकर जिला प्रशासन से कठोर कार्रवाई की मांग की है।
प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से उन्होंने बताया कि मांजन मोड़ से मेन रोड होते हुए विंध्यनगर तक कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट के पोल पर लगे तिरंगे फटे हुए, बदरंग और झुकी हुई स्थिति में नजर आ रहे हैं, जो राष्ट्रीय सम्मान के विरुद्ध है।
उन्होंने कहा कि भारतीय ध्वज संहिता 2002 के अनुसार राष्ट्रीय ध्वज को हमेशा सम्मानजनक स्थिति में प्रदर्शित करना अनिवार्य है। साथ ही यदि ध्वज को रात में फहराया जाता है तो उस पर पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था होना भी जरूरी है, लेकिन संबंधित स्थानों पर इन नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है।
सिद्दीकी ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा कार्यालय के सामने भी तिरंगा फटा हुआ और अपमानजनक स्थिति में लटका हुआ है, जिससे आमजन की भावनाएं आहत हो रही हैं।
उन्होंने दोषियों के खिलाफ राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण अधिनियम 1971 के तहत कार्रवाई की मांग की है। इस कानून के अंतर्गत दोषी को अधिकतम 3 वर्ष तक का कारावास, जुर्माना या दोनों सजा का प्रावधान है।
कांग्रेस नेता ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सभी स्थानों पर लगे फटे और अपमानजनक स्थिति वाले तिरंगों को तत्काल हटाकर ध्वज संहिता के अनुरूप सम्मानजनक तरीके से नए ध्वज फहराए जाएं। साथ ही भविष्य में नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के भी निर्देश जारी किए जाएं।













