मध्य प्रदेशसिंगरौली

कलेक्टर की अध्यक्षता में रोगी कल्याण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित

अस्पताल की मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के दिए सख्त निर्देश

सिंगरौली  /कलेक्टर  गौरव बैनल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में रोगी कल्याण समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सिंगरौली विधायक श्री रामनिवास शाह विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय की मूलभूत सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने हेतु कड़े निर्देश जारी किए।कलेक्टर ने सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि रोगी कल्याण समिति की राशि का उपयोग पूरी दक्षता और बेहतर वित्तीय प्रबंधन के साथ किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्यवाही की जाएगी। साथ ही, उन्होंने उपलब्ध मानव संसाधनों के उचित प्रबंधन की बात कहते हुए निर्देश दिए कि संवेदनशील वार्डों में पर्याप्त स्टाफ तैनात किया जाए और उनके निर्धारित शिफ्ट की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

चिकित्सालय की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि वार्डों और शौचालयों की सफाई प्रातः काल में अनिवार्य रूप से कराई जाए। उन्होंने सभी सफाई कर्मियों को आवश्यक उपकरण और सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। गर्मी के मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने अस्पताल के एसी , पंखे और कूलर की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए ताकि मरीजों को असुविधा न हो। बैठक में अस्पताल में संचालित कैंटीन की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि कैंटीन का संचालन बेहतर ढंग से हो और मरीजों व उनके परिजनों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उचित दर पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और सिविल सर्जन को जिला चिकित्सालय के प्रति अपने उत्तरदायित्वों का निर्वहन पूरी सक्रियता के साथ करने हेतु निर्देशित किया।

 

बैठक में उपस्थित सिंगरौली विधायक श्री शाह ने अपना सुझाव दिया कि अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखे। स्टाफ और सफाई कर्मियों के भुगतान समय पर करे। इसके साथ ही वाहन चालकों के मानदेय और स्टाफ ड्यूटी रूम की व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए गए। अंत विधायक द्वारा मरीजों को बिना किसी परेशानी के बेहतर और सुगम उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में सीएमएचओ डॉ. पुष्पराज सिंह, सिविल सर्जन डॉ. कल्पना रवि, आरएमओ, अस्पताल प्रबंधक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button