राज्य मंत्री ने शंखनाद के साथ किया जनगणना-2027 का शुभारंभ
बिरकुनियां उप-स्वास्थ्य केंद्र और आवासों की स्वयं नंबरिंग कर विकास को दी नई दिशा

सिंगरौली / मध्यप्रदेश शासन की पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह ने आज सिंगरौली जिले की तहसील दुधमनिया अंतर्गत ग्राम बिरकुनियां में शंखनाद के साथ जनगणना-2027के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने डिजिटल जनगणना के महत्व को रेखांकित करते हुए स्वयं प्रगणक की भूमिका निभाई और भवनों की नंबरिंग कर हस्ताक्षर किए।कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए राज्य मंत्री श्रीमती सिंह ने सर्वप्रथम उप-स्वास्थ्य केंद्र, बिरकुनियां के भवन पर जनगणना नंबर अंकित किया। इसके पश्चात उन्होंने आमजन के घरों तक पहुँचकर मकानों की नंबरिंग की और परिवारों से भेंट की।
राज्य मंत्री श्रीमती सिंह ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं है, बल्कि यह भविष्य की विकास योजनाओं का आधार है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना-2027 में अपनी सटीक जानकारी देकर इस राष्ट्रीय महाकुंभ में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत चितरंगी श्री मानसिंह सैयाम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी व स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।













